इटावा। जनपद के ग्रामीण अंचलों में सड़कों के जाल को मजबूत करने की दिशा में लोक निर्माण विभाग ने एक और कदम बढ़ाया है। कर्री छिमारा मार्ग से नगला तेज वाया कुईया मार्ग के निर्माण के लिए 27 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। इस मार्ग के बनने से क्षेत्रीय ग्रामीणों को जर्जर सड़क की समस्या से निजात मिल सकेगी।
मार्ग निर्माण की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड को सौंपी गई है। विभाग ने निर्माण कार्य को लेकर अपनी तैयारी पूरी कर ली है और टेंडर प्रक्रिया पूरी की जा रही है। एक्सईएन राकेश भूषण प्रसाद ने बताया कि शासन से बजट की मंजूरी मिलने के बाद अब निर्माण प्रक्रिया को गति दी जा रही है।
इस कार्य को दो महीने की निर्धारित समयावधि के भीतर पूरा करना होगा, ताकि लोगों को जल्द से जल्द सुविधा मिल सके। इस मार्ग के निर्माण से नगला तेज और कुईया सहित आसपास के गांवों की लगभग पांच हजार से अधिक की आबादी सीधे तौर पर इस सड़क से जुड़ी है। वर्तमान में सड़क की हालत खस्ता होने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सड़क बनने के बाद आवागमन सुगम होगा।