इटावा। पिछले कई दिनों से बारिश होने की आस लगाए लोगों को बुधवार सुबह बदली देख अच्छी बारिश होने की उम्मीद जगी, लेकिन बूंदाबांदी के बाद ही काले बादल छंट गए। इससे बढ़ी उमस ने लोगों को पूरे दिन बेहाल रखा। अधिकतम तापमान 32 व न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहा।
तीन दिन से बारिश न होने से धूप के चलते लोगों को मई- जून जैसी भीषण गर्मी का एहसास हो रहा था। उस पर बिजली की आंख मिचौली भी लोगों की परेशानी का कारण बनी रही। ऐसे में बुधवार को काले बादल देख बारिश होने के आसार बने, लेकिन बारिश के बजाए बूंदाबांदी होने से और भी ज्यादा मुश्किलें बढ़ीं। वहीं, मौसम वैज्ञानिक भूपेंद्र सिंह चौहान का कहना है कि धान की फसल के लिए पानी की जरूरत है। खेत में छह इंच पानी होना चाहिए। फसल पूरी तरह पानी से डूबनी नहीं चाहिए।
जनपद में पिछले साल जुलाई 2022 में 222.9 मिलीमीटर की अपेक्षा इस साल 184.0 मिलीमीटर बारिश हुई जो 38.9 मिलीमीटर अधिक है। आगामी पांच अगस्त तक अच्छी बारिश होने की संभावना बनती नजर आ रही है।