सामाजिक वानिकी प्रभाग इटावा की ओर से उत्तर प्रदेश पक्षी महोत्सव 2015 का आयोजन किया गया। इस दौरान सभी रेंजों में विभिन्न स्कूलों के बच्चों को चयनित वेटलैंड एवं जंगल क्षेत्रों की चिड़िया दिखाई गई। सामाजिक वानिकी के प्रभागीय निदेशक कन्हैया पटेल ने पक्षियों के बारे में बताया।
सरसईनावर में टीमों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी क्षेत्र की पक्षी विविधता उस क्षेत्र की धनी परिस्थिति की सूचक होती है । यदि वहां पर पक्षियों की संख्या में गिरावट आती है तो वह क्षेत्र प्रदूषित माना जाता है।दुर्गा प्रसाद राजपूत ने बच्चों को झील में पाए जाने वाले जीव जंतुओं को बाइनाकुलर के माध्यम से दिखाया।
उनके व्यवहार आदि के बारे में जानकारी दी। उन्होंने जल पारिस्थितिकी तंत्र में मछली एवं चिड़ियों की उपयोगिता के बारे में विस्तार से बताया। वन क्षेत्राधिकारी बढ़पुरा नरोत्तम यादव ने केंद्रीय पौधशाला में पाए जाने वाले पक्षियों की जानकारी दी। वनक्षेत्राधिकारी बसरेहर घनश्याम मिश्रा ने कोकपुरा के बच्चों के बीच महोत्सव का आयोजन किया।
चकरनगर में यमुना नदी के मितरोल घाट पर पानी में पायी जाने वाली प्रजातियों का अवलोकन वन क्षेत्राधिकारी चंद्रसेन ने बच्चों को कराया। लखना क्षेत्र में लीटेपुर के जंगलों में बच्चों को भ्रमण करवाकर विभिन्न पक्षियों की पहचान कराई गई। कार्यक्रम के समापन पर वन क्षेत्राधिकारी भरथना अशोक यादव ने सभी का आभार व्यक्त ज्ञापित किया।