इटावा। बुधवार को अप रेलवे ट्रैक पर दौड़ती मालगाड़ी की ब्रेक एसेंबली टूटकर ट्रैक पर गिर गई। गेट कीपर ने तुरंत ही इसकी जानकारी कंट्रोल रूम को दी। मालगाड़ी को तुरंत रोककर एक्सल को ट्रैक से हटाकर मरम्मत कर गाड़ी को आगे रवाना किया गया। इससे लगभग डेढ़ घंटे तक अप ट्रैक बाधित रहा और कई सवारी गाड़ियां ट्रैक बाधित होने से फंसी रहीं।
बुधवार को सुबह 11: 40 बजे अप ट्रैक पर कोयला लदी मालगाड़ी तेज रफ्तार से दिल्ली की ओर जा रही थी। मालगाड़ी की ब्रेक एसेंबली इटावा रेलवे स्टेशन से एक किलोमीटर आगे राहतपुरा के निकट टूट कर ट्रैक पर गिर गई। घटना के समय हुई तेज आवाज सुनकर गेट कीपर ने जानकारी कंट्रोल को दी। जिस पर तुरंत ही मालगाड़ी को रोका गया।
विभागीय इंजीनियरों की टीम मौके पर पहुंची। जांच में पाया गया कि गर्म होने से गाड़ी के एक डिब्बे की ब्रेक एसेंबली टूटकर ट्रैक पर गिरी हुई थी। टीम ने तुरंत ही एसेंबली को ट्रैक से हटाया और मरम्मत कार्य शुरू कर दिया। टूटी एसेंबली को दुरुस्त कर मालगाड़ी को रवाना कर दिया गया। इस घटना से लगभग डेढ़ घंटे तक अप ट्रैक बाधित रहा। ट्रैक बाधित होने से तीन सवारी गाड़ियां पीछे स्टेशनों पर फंसी रहीं जिसमें से स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस को इटावा रेलवे स्टेशन पर रोका गया। वहीं मरुधर एक्सप्रेस व मगध एक्सप्रेस इकदिल स्टेशन पर खड़ी होकर ट्रैक साफ होने का इंतजार करती रहीं।