फॉलोअप ऊसराहार कस्बे में शुक्रवार को झोलाछाप के क्लीनिक से मिली थीं सरकारी दवाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। कस्बा ऊसराहार में शुक्रवार को अपंजीकृत क्लीनिक का निरीक्षण करने के दौरान सरकारी दवाएं व इंजेक्शन मिलने से स्वास्थ्य विभाग महकमा भी हैरान है कि आखिर एक झोलाछाप के क्लीनिक पर सरकारी दवाएं आखिर आईं तो आईं कहां से और कैसे क्लीनिक तक पहुंची। जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि स्वास्थ्य विभाग में ऐसा कौन कर्मचारी है जो क्लीनिक को सरकारी दवाएं मुहैया करा रहा है।
नोडल अधिकारी/एसीएमओ डॉ. यतेंद्र राजपूत ने भरथना रोड स्थित व थाने के सामने एक क्लीनिक का निरीक्षण करने के दौरान इस तरह की खामियां देखने को मिलीं। डॉ.यतेंद्र राजपूत को झोलाछाप के क्लीनिक से सरकारी 100 टेबलेट के पैकेट व 50 इंजेक्शन मिले थे। जिन्हें वह अपने साथ ले आएं हैं।
क्लीनिक को सील कर दिया गया है। बताया है कि अभी यह बताना मुश्किल है कि टेबलेट और इंजेक्शन किस अस्पताल अथवा जिले के हैं। सोमवार को वेयर हाउस जाकर टेबलेट और इंजेक्शन का बैच का मिलान करने के बाद ही पता चलेगा कि दवाएं कहां की हैं और किस अस्पताल की है। इसका पता चलने के बाद ही सीएमओ को जांच कराने के लिए पत्र लिखेंगे। दोषी पाए जाने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।