कोरोना महामारी के बीच दूसरे राज्यों और शहरों से लौटे प्रवासी मजदूरों के अस्थायी राशनकार्ड बनाए जाएंगे।
इसके लिए शहर से लेकर गांवों तक सर्वे शुरू कर दिया गया है। कार्ड बनने के बाद प्रवासियों को राशन किट के अलावा 1000 रुपये दिए जाएंगे।
शासन ने प्रवासी मजदूरों को भोजन की व्यवस्था के लिए दो महीने के लिए अस्थायी राशनकार्ड बनाने के निर्देश दिए हैं।
इसके लिए गांवों में सभी बीडीओ और नगरीय क्षेत्र में ईओ को जिम्मेदारी सौंपी गई है। गांवों में पंचायत सचिव और नगरों में निकाय कर्मियों को सर्वे के लिए लगाया गया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि अस्थायी कार्ड बनाने की नियमित समीक्षा भी की जा रही है। 27 मई तक 350 प्रवासी श्रमिकों के अस्थायी राशनकार्ड बनाए भी जा चुके हैं। जिलाधिकारी ने सभी बीडीओ और ईओ को तीन दिन में प्रवासियों के कार्ड बनाने का काम पूरा करने को कहा गया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि राशन के साथ प्रवासी श्रमिकों को एक हजार रुपये प्रति माह भी दिए जाएंगे। इसके अलावा पहले से जिले में रह रहे ऐसे लोगों को भी 1000 रुपये आर्थिक सहायता दी जाएगी, जिनको किसी योजना का लाभ नहीं मिलता है और उनके पास भरण पोषण का कोई साधन नहीं है।
श्रम विभाग और निकायों में पहले से पंजीकृत श्रमिक सर्वे में शामिल नहीं किए जाएंगे। प्रवासी किस प्रदेश और शहर से आया है, वह जिस गांव में ठहरा है उसी का निवासी होना चाहिए।
होम क्वारंटीन की शर्त पूरी करना जरूरी है। प्रवासी या उसके परिवार का मोबाइल नंबर, बैंक खाता नंबर, और आधारकार्ड का नंबर फार्म में भरना जरूरी किया गया है।
प्रवासी का सर्वे तो अधिकारी करेंगे, लेकिन वह पात्रता की शर्तें पूरी कर रहा है या नहीं इसको प्रमाणित ग्राम निगरानी समिति और क्षेत्रीय लेखपाल करेंगे। इसी तरह शहर में मोहल्ला निगरानी समिति और निकाय से नामित अधिकारी प्रमाणित करेगा।
जिलाधिकारी जेबी सिंह ने गुरुवार को विकास भवन सभागार में सर्वे कार्य की समीक्षा की। उन्होंने सभी ईओ और बीडीओ से कहा कि प्रवासी श्रमिकों के अस्थायी राशनकर्ड फार्म में सभी बिंदुओं को ठीक से भरा जाए।
सर्वे करने जाएं लोग इस बात का ध्यान रखें कि कोई कालम छूटने न पाए। प्रवासी श्रमिक का मोबाइल नंबर, आधार कार्ड नंबर और बैंक खाता नंबर संबंधित सत्यापन अधिकारी ठीक से भरें।
समीक्षा बैठक में सीडीओ राजा गणपति आर, एडीएम ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव, डीडीओ दीन दयाल वर्मा, पीडी डीआरडीए उमाकांत त्रिपाठी, डीडी कृषि एकेसिंह, जिला कृषि अधिकारी अभिनंदन सिंह भी मौजूद रहे।