टेंपों में बैठे एक व्यक्ति की जेबकतरों ने जेब काटकर पचास हजार रुपये पार कर दिए। जेबकतरों के टेंपो से उतरने पर जेब कटने का आभास हुआ तो उस व्यक्ति ने शोर मचाया। लोगों ने दौड़ाकर एक जेबकतरे को दबोच लिया जबकि उसके दो साथी भागने में सफल रहे। लोगों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। उसके कब्जे से पार की गई पचास हजार नगदी पुलिस ने बरामद कर ली। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर उसके साथियों की तलाश शुरू कर दी है।
जालौन जनपद के कुठौंद थाना क्षेत्र के गांव करतलापुर निवासी संतोष कुमार द्विवेदी का साला ग्वालियर अस्पताल में भर्ती है। साले के इलाज के लिए रुपया लेकर संतोष ग्वालियर जा रहे थे। जालौन से रोडवेज बस से इटावा आए और बस स्टैंड पर उतरकर भिंड बस अड्डा जाने के लिए टेंपो में बैठ गए। फर्रुखाबाद फाटक के पास तीन लोग और टेंपो में बैठ गए।
रास्ते में उक्त लोगों ने संतोष की जेब काट दी और पचास हजार की नगदी पार कर दी। टेंपो भिंड बस अड्डा पर रुका तो तीनों उतरे तभी संतोष को जेब कटने का आभास हुआ और उसने शोर मचाया। उसके चिल्लाते ही तीनों भागने लगे तो लोगों ने दौड़कर एक को दबोच लिया और उसकी जमकर धुनाई की। सूचना मिलने पर सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों ने जेबकतरे को पुलिस को दे दिया।
तलाशी में उसके पास से संतोष की जेब से पार किए गए पचास हजार रुपये की नगदी बरामद हो गई। पूछताछ में उसने अपना नाम गोविंद पुत्र मिजाजीलाल निवासी कोकपुरा थाना फ्रेंड्स कॉलोनी बताया। एसओ ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि पकड़े गए युवक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उसके साथियों को भी तलाश किया जा रहा है।