बाइक से जा रहे शिक्षक का मारुति वैन में सवार चार लोगों ने रविवार को दिनदहाड़े अपहरण कर लिया। शिक्षक की बाइक बकेवर थाना क्षेत्र में पेवली गांव के पास पड़ी मिली। वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी है। शिक्षक के भतीजे ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
उसका कहना है कि इन लोगों ने जमीन के विवाद में यह वारदात की है। शिक्षक की तलाश में क्राइम ब्रांच व थाना पुलिस की टीम को लगाया गया है। भरथना थाना क्षेत्र के गांव सिरकौरा निवासी उदयवीर पुत्र पदम सिंह गोंडा जिले के करनेलगंज ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक हैं।
वह छुट्टी पर अपने घर आए थे। रविवार को बाल कटवाने के लिए बाइक से निबाड़ीकला गए थे। बाल कटवाने के बाद रविवार की सुबह करीब 11 बजे गांव लौट रहे थे, तभी पेवली गांव के पास उन्हें अगवा कर लिया गया। देर तक न लौटने पर परिजनों ने तलाश की तो पेवली गांव के पास उनकी बाइक पड़ी मिली।
परिजनों ने इसकी सूचना थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस को आसपास के लोगों ने बताया कि बाइक सवार को बिना नंबर की मारुति वैन में सवार चार लोगों ने अगवा किया है। इस संबंध में शिक्षक के भतीजे टीपू पुत्र रामअवतार ने अपने ही गांव के सर्वेश व रामवीर पुत्रगण सीताराम तथा रवि व रामू पुत्रगण सर्वेश के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
टीपू ने बताया कि उसके चाचा ने वर्ष 2006 में गांव के सर्वेश से जमीन खरीदी थी। ये लोग अब जमीन वापस करने का दबाव बना रहे थे। इसी के चलते अपहरण किया गया है। थानाध्यक्ष एके सिंह ने बताया कि शिक्षक के बारे में कुछ अहम सुराग लगे हैं। पुलिस शीघ्र ही उन्हें बरामद कर लेगी।