पूर्व सीएम अखिलेश यादव व डिंपल यादव के साथ उनके गुरु। संवाद
- फोटो : ETAWAH
इटावा। शिक्षक अवध किशोर वाजपेयी सपा प्रमुख व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को बचपन में मुफ्त ट्यूशन पढ़ाते थे। शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर बातचीत में उन्होंने अखिलेश यादव से जुड़ी यादें ताजा कीं। कहा कि पढ़ाते समय गलती पर वह कान खींचने के लिए हाथ बढ़ाते थे तो अखिलेश मुस्कुराने लगते थे। अखिलेश की मुस्कान देखकर उनका हाथ रुक जाता था। वह कहते हैं कि उनका शिष्य राजनीति के शीर्ष तक पहुंचे।
सिविल लाइन (पक्का तालाब) में रहने वाले अवध किशोर वाजपेयी ने बताया कि सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव 1983 में अखिलेश का ग्वालियर के सिंधिया सैनिक स्कूल में दाखिला कराने के लिए उन्हें लेकर गए थे। स्कूल काफी ऊंचाई पर होने की वजह से उनकी कार बंद हो गई। इससे नाराज होकर वह वापस आने लगे। रास्ते में उन्होंने किसी स्कूल का नाम सुझाने को कहा। उनकी सलाह पर धौलपुर (राजस्थान) के सैनिक स्कूल में दाखिले का फैसला लिया गया। ऑल इंडिया टेस्ट में अखिलेश पास हो गए थे। साक्षात्कार में अखिलेश से सवाल किया गया था कि हेलमेट क्यों लगाते हैं? अखिलेश ने जवाब दिया था कि सिर को सुरक्षित रखने के लिए हेलमेट का प्रयोग जरूरी है। 11 साल के अखिलेश का यह जवाब सुनकर साक्षात्कार ले रहा पैनल खुश हुआ और उनका दाखिला हो गया था।
चौथी कक्षा तक धौलपुर में पढ़ने के बाद अखिलेश यादव का पांचवीं कक्षा में शहर के सेंटमेरी कॉलेज में दाखिला कराया गया। इसके बाद मुलायम सिंह ने अवध किशोर से अखिलेश को पढ़ाने के लिए कहा। तब से इंटर तक अखिलेश को उन्होंने चाचा शिवपाल सिंह यादव के घर जाकर पढ़ाया है। उन्होंने बताया कि शिवपाल सिंह यादव के दोनों बच्चों आदित्य, अनुभा और शिवपाल सिंह के भतीजे वर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष अभिषेक यादव को भी ट्यूशन पढ़ाया है।