सेंट बीडीसी इंटर कालेज में मेधावियों के साथ प्रबंधक व प्रधानाचार्य
- फोटो : अमर उजाला
जनपद के विभिन्न विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं ने इंटर और हाईस्कूल में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर नाम रोशन किया है। विद्यालयों के प्रबंधन और प्रशासन ने इन मेधावियों को सम्मानित किया।
मानिकपुर मोहन सूखाताल स्थित सेंट बीडीसी इंटर कालेज का परीक्षाफल शत प्रतिशत रहा। इंटर में एकता तिवारी ने विद्यालय टॉप किया जबकि नीतू दूसरे और सोनी तीसरे स्थान पर रही। वहीं हाईस्कूल में श्रद्धा ने विद्यालय टॉप किया। आशी द्वितीय एवं चांदनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय के प्रबंधक लालसिंह राजपूत व प्रधानाचार्य सुग्रीव सिंह ने इन छात्र-छात्राओं का सम्मान किया। श्री चित्रगुप्त इंटर कालेज में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को विद्यालय सभागार में प्रधानाचार्य डा. उमेश यादव ने सम्मानित किया। हाईस्कूल में अनिरुद्ध कुमार ने 81.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय टॉप किया। इंटर में मिताली सक्सेना ने विद्यालय टॉप किया। दीक्षा दीक्षित ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। परीक्षाफल शत प्रतिशत रहा। शिक्षकों शैलेंद्र दीक्षित, इंद्रनारायण पांडेय, राकेश, विपिन, संतोष, चेतन जैन, नीता, आरती सक्सेना ने सभी को बधाई दी है।
उधर राजकीय इंटर कालेज इटावा का हाईस्कूल परीक्षाफल 83 प्रतिशत तथा इंटरमीडिएट का 90 प्रतिशत रहा। इंटर में विशाल यादव ने 88.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान पाया। विद्यालय के प्रधानाचार्य अरुण कुमार सिंह व समस्त अध्यापकों ने हर्ष व्यक्त किया तथा सफल छात्रों को बधाई दी। प्रधानाचार्य ने बताया कि सभी कक्षाओं में प्रवेश प्रारंभ हो चुके हैं।