मारपीट का शिकार पोर्टर अजय कुमार।
- फोटो : अमर उजाला
रेलवे के एक पोर्टर ने जनपद पुलिस की स्वाट टीम के दो पुलिसकर्मियों द्वारा उसके साथ मारपीट कर मोबाइल व नगदी छीनने का आरोप लगाया है। शिकायत पर स्वाट टीम प्रभारी अजहर खां ने पीड़ित के सामने सभी टीम सदस्यों की परेड कराई, लेकिन इनमें मारपीट करने वालों की पहचान नहीं हो सकी।
अजय कुमार तोमर इटावा रेलवे स्टेशन पर पोर्टर के पद पर तैनात है। आरोप है कि शुक्रवार रात वह संगम एक्सप्रेस से जब प्लेटफार्म पर उतरकर घर जाने के लिए निकला। तभी स्टेशन के पार्सल रूम के सामने सर्कु लेटिंग एरिया में दो लोगों ने उसे रोका, जब वह नहीं रुका तो दोनों ने दौड़कर उसे पकड़ लिया और मारपीट कर दी। पोर्टर का आरोप है कि इस दौरान उक्त लोगों ने उसके पास से एक मोबाइल व जेब में रखे 5600 रुपये छीन लिए। वह किसी तरह से उनके चुंगल से छूटकर प्लेटफार्म पर पहुंचा और मामले की जानकारी अपने साथियों को दी।
घटना के दौरान इधर- उधर मौजूद कुछ लोग भी उसके पास पहुंचे और बताया कि मारपीट करने वाले दोनों व्यक्ति पुलिसकर्मी हैं और जिले की गठित स्वाट टीम के सदस्य हैं, जो रात प्रतिदिन स्टेशन पर सादा कपड़ों में ड्यूटी करते हैं। कुछ लोगों ने मारपीट करने वालों के नाम भी पीड़ित को बताए।
पीड़ित अजय कुमार ने शनिवार सुबह थाना जीआरपी व स्वाट टीम प्रभारी अजहर खां से उक्त मामले की शिकायत की। जिस पर टीम प्रभारी अजहर खां ने आरोपियों की पहचान के लिए सभी टीम सदस्यों की पीड़ित के सामने परेड कराई। अजय ने इसमें से किसी को आरोपी के रूप में नहीं पहचाना। इस मामले में स्वाट प्रभारी अजहर खां का कहना है कि पीड़ित ने टीम के किसी सदस्य की पहचान नहीं की है। वह उक्त मामले की जांच करेंगे।