सैफई (इटावा)। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सड़क की मरम्मत करा रहे सुपरवाइजर पर तेज रफ्तार कार चढ़ गई। उन्हें गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
ऊसराहार क्षेत्र के ग्राम नगरिया के मजरा नगला चिंतन निवासी धर्मेंद्र कुमार (32) एफकॉन कंपनी में सुपरवाइजर थे। शुक्रवार दोपहर वह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर करहल क्षेत्र के चैनल नंबर 90 के पास रोड की मरम्मत करा रहे थे। इसी दौरान आगरा की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार बैरिकेडिंग तोड़ते हुए धर्मेंद्र पर चढ़ गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। कंपनी के कर्मचारियों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया लेकिन तब तक उनकी सांसें थम गईं।
हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग वहां पहुंच गए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। कंपनी के एरिया मैनेजर सुरेश बघेल ने बताया कि मृतक के परिजनों को कंपनी की ओर से नियमानुसार सहायता दी जाएगी। पुलिस ने कार को कब्जे में लिया है।