सैफई। थानाक्षेत्र के भालासईया गांव में विवाहिता मधु (23) ने ससुराल में रस्सी के सहारे फांसी लगाकर जान दे दी। मायके पक्ष के लोगों ने मधु के पति व ससुराल के अन्य लोगों पर दहेज की खातिर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भालासईया गांव निवासी सुरजीत कुमार गुरुग्राम (हरियाणा) की एक फैक्टरी में नौकरी करता है। उसकी शादी दो साल पहले जसवंत नगर क्षेत्र के जसोहन गांव की मधु से हुई थी। उनके एक साल की बेटी है। मंगलवार देर रात मधु ने ससुराल में ही कमरे में फांसी लगा ली। बुधवार सुबह काफी देर तक मधु कमरे से बाहर नहीं निकली, तो ससुराल वालों को अनहोनी का शक हुआ।
उन लोगों ने खिड़की से कमरे में झांक कर देखा तो मधु फंदे पर लटकती दिखी। ससुराल वालों ने घटना की सूचना मधु के मायके वालों के साथ ही थाना पुलिस को दी। पुलिस कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह कमरे का दरवाजा खोला और मधु को फंदे से नीचे उतारा। मधु के पिता राम प्रकाश ने ससुराल वालों पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया है।
इधर, थाना प्रभारी वीरेंद्र प्रताप यादव का कहना है कि मधु का पति गुरुग्राम में है। घर पर उसकी बहन व पिता ही थे। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मधु ने आत्महत्या क्यों की। इसका पता लगाया जा रहा है। मधु के मायके वालों की तहरीर व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।