इटावा। पत्नी ने शराब पीकर आने पर टोक दिया तो पति ने फंदे पर लटककर जान दे दी। युवक की आठ महीने पहले ही शादी हुई थी।
थाना ऊसराहार क्षेत्र के गांव सरसईनावर निवासी गुल्ले अली की मृत्यु एक वर्ष पूर्व हो गई थी। उनके इकलौते पुत्र दिलशाद अली की शादी आठ माह पहले से हुई थी। वह लोहिया पथ पर चाय, पकौड़ी की दुकान लगाता था।
बताया जाता है कि वह आए दिन शराब पीकर घर आता था जिसको लेकर पत्नी से विवाद होता रहता था। बुधवार की रात जब वह शराब पीकर घर आया तो पत्नी ने रोका तो दोनों में विवाद हुआ। इसके बाद वह कमरे में चला गया और दरवाजा बंद करके चुन्नी से फंदा बनाकर जान दे दी।
परिजनों को जानकारी हुई तो शोर मचाया। आसपास के मोहल्ले से आए लोगों ने दरवाजा तोड़कर युवक को फंदे से उतारा और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरसईनावर ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर थानाध्यक्ष ऊसराहार जितेंद्र प्रताप सिंह भी मौके पर पहुंचे थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।