इटावा। जसवंतनगर कस्बे के रेलमंडी मोहल्ला स्थित घर में गुरुवार रात को एक किशोरी का शव फंदे पर लटका मिला। किशोरी के पिता की कैंसर से मौत हो चुकी है और मां घर से बाहर पूड़ी बेलने गई थी। पड़ोसियों ने बताया कि कुछ दिन पूर्व ही किशोरी की शादी आगरा रहने वाले एक लड़के से तय कर दी थी।
रेलमंडी मोहल्ला में रामसीता मंदिर के पास रहने वाली विमलेश पति रवींद्र सिंह कश्यप के निधन के बाद से शादियों में पूड़ी बेल कर परिवार चला रही है। इसी वजह से वह गत गुरुवार शाम को भी घर से बाहर गई हुई थी। घर में अकेली उसकी 17 साल की बेटी अंजली मौजूद थी। रात करीब आठ बजे विमलेश घर लौटी तो दरवाजा खोलने के लिए बेटी को आवाज दी।
कई बार आवाज देने पर भी बेटी नहीं निकली तो उसने आसपास रह रहे लोगों को बुलाया। दरवाजा तोड़ा गया। अंदर बरामदा के जाल से अंजली को साड़ी के जरिये फंदे पर लटका हुआ देखा। बेटी के शव को देखकर विमलेश रोने लगी। लोगों ने थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार को सूचना दी। उपनिरीक्षक जयप्रकाश मौके पर पहुुंचे और शव को नीचे उतारा। पूछताछ करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पड़ोसियों ने बताया कि अंजली के पिता की कैंसर बीमारी की वजह से पहले ही मौत हो चुकी है। उसकी दो बड़ी बहनों की शादी हो चुकी है। कुछ दिन पूर्व ही अंजली की भी शादी आगरा के लड़के से तय हुई थी।