फोटो: 5 भरथना में हाईवे पर स्ट्रीट लाइटें बंद होने से रात को छाया अंधेरा। संवाद
भरथना। कस्बे के बीचो-बीच से होकर निकले इटावा-कन्नौज हाईवे के दोनों ओर लगी स्ट्रीट लाइटें 10 दिन से बंद हैं। बजाजा लाइन तिराहा, आजाद रोड से मंदिर दान सहाय मोड़ के बीच हाईवे के दोनों ओर बाजार क्षेत्र की कई दुकानें, व्यापारिक प्रतिष्ठान और रिहायशी भवन स्थित हैं। स्ट्रीट लाइट न जलने से शाम के बाद यहां अंधेरा रहता है। ऐसे में आने-जाने वाले लोगों को बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
शाम के समय दुकानों के बाहर की रोशनी के चलते मुख्य मार्ग पर कुछ जगह तो उजाला रहता है, लेकिन रात में बाजार और प्रतिष्ठान बंद होने के बाद यही मार्ग अंधेरे में डूब जाता है। रात भर इस मुख्य मार्ग से पैदल राहगीरों के साथ ही दोपहिया और चारपहिया वाहनों का आवागमन रहता है। ऐसे में सड़क पर रोशनी न होने से हमेशा ही दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
हाईवे का यह हिस्सा नपा के वार्ड 19 और 18 के अंतर्गत आता है। वार्ड 19 के सभासद रोहित भंसाली ने बताया कि स्ट्रीट लाइटें बंद होने की जानकारी उन्होंने नपा प्रशासन को दे दी है और जल्द लाइटें ठीक कराने का आश्वासन दिया गया है।
वर्जन
स्काई लिफ्ट में खराबी के कारण स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत नहीं हो पा रही है। स्काई लिफ्ट को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए हैं। लिफ्ट ठीक होते ही स्ट्रीट लाइटों को चालू करा दिया जाएगा।
- संतोष कुमार मिश्रा, ईओ