बुधवार देर शाम आंधी, पानी ने एक बार फिर शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में कहर ढाया। कई जगहों पर पेड़ व बिजली पोल उखड़ गए। जिससे शहर की बिजली व्यवस्था धड़ाम हो गई। विभाग ने 27 बिजली पोल गिरने की बात कही है। कई जगह टूटे पेड़ों से भी विद्युत लाइन टूट गई।
शहर में रात भर अंधेरा छाया रहा। रात से ही विभागीय कर्मचारी विद्युत व्यवस्था को ठीक करने में जुटे गए। विभाग को आंधी से करीब 24 लाख रुपये की क्षति होने का अनुमान है। इसके अलावा बीच सड़क पेड़ों के गिरने से कई मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ।
सोमवार रात आई आंधी के कहर से शहर की विद्युत व्यवस्था पनप नहीं पाई थी, कि बुधवार को देर शाम एक बार फिर से आंधी, पानी ने शहर की व्यवस्थाओं को अस्तव्यस्त कर दिया। पेड़ों व पोलों के सड़क पर गिरने से शहर में कई मार्ग अवरुद्ध हो गए। शहर के प्रमुख बलराम सिंह चौराहा पर एक साथ तीन यूकेलिप्टिस के पेड़ चौराहे पर आ गिरे।
पेड़ों की चपेट में आकर दो बिजली पोल भी सड़क पर आ गिरे। जिससे आसपास के क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। मैनपुरी ओवर ब्रिज पर बने लिंक रोड पर कंपनी गार्डन के पास एक पेड़ धराशाई होकर सड़क पर आ गिरा। जिससे शिवा कालोनी व राहतपुरा जाने वाला रास्ता बंद हो गया।
आंधी से रेलवे स्टेशन परिसर में खड़ा ताड़ का पेड़ भी यहां खड़ी बाइकों पर आ गिरा। कई बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं। भारी भरकम पेड़ाें को हटाने का काम दूसरे दिन भी जारी रहा। जिससे इस चौराहे से आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।
इसके साथ ही शहर में अन्य अलग अलग स्थानों पर आंधी से दो दर्जन विद्युत पोल उखड़ गए। मोहल्ला फ्रे ंडस कालोनी, अशोक नगर, भरथना चौराहा क्षेत्र में फाल्ट न होने से रात एक बजे बिजली सप्लाई शुरू कर दी गई। जबकि और सभी जगह सुबह तक अंधेरा रहा।
अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड प्रथम आरके ग्रोवर, एसडीओ मोहन सिंह, जेई अजीत सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी दिन भर अलग अलग प्वाइंटों पर पहुंचकर मरम्मत कार्य का जायजा लेते रहे। एई श्री ग्रोवर ने बताया कि शहरी क्षेत्र में ही आंधी से विद्युत विभाग को लगभग 24 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।