ग्राम पंचायत धनुआ के फतेहपुरा में सोमवार को मतदान समाप्त होने के बाद देर रात ग्राम प्रधान पद के दो प्रत्याशियों के समर्थक आपस में भिड़ गए।
रात में दोनों पक्षों में जमकर मारपीट, पथराव व फायरिंग हुई। पुलिस का कहना है कि चुनावी रंजिश में पथराव व फायरिंग हुई है। अभी तक किसी भी तरफ से तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच की जा रही है।
ग्राम पंचायत धनुआ के फतेहपुरा में दिन भर शांतिपूर्ण तरीके से मतदान हुआ। रात में दो प्रत्याशियों के समर्थक फर्जी मतदान को लेकर आपस में भिड़ गए।
मारपीट के दौरान पथराव शुरू हो गया और कुछ लोगों ने फायरिंग कर दी। इससे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
थाना प्रभारी नवरत्न गौतम ने बताया कि गांव में पथराव व फायरिंग हुई है। फिलहाल स्थिति सामान्य है। झगड़ा व फायरिंग करने वालों के बारे में पता लगाया जा रहा है।