शहर के एसएसपी और डीएम आवास चौराहे पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमाएं लगाने की कवायद शुरू हुई है।
भाजपा सांसद डॉ. रामशंकर कठेरिया ने अटल जी की प्रतिमा एसएसपी चौराहे पर और पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा डीएम चौराहे पर लगाने के लिए जिलाधिकारी श्रुति सिंह को पत्र लिखा है।
सांसद ने जिलाधिकारी से कहा है कि वह नगर पालिका परिषद से स्वीकृत कराकर शासन को भेजें। जिसे जल्द से जल्द प्रतिमाओं को लगवाया जा सके।
सांसद ने इस संबंध में नगर पालिका के अधिशासी अनिल कुमार एवं पालिका अध्यक्ष नौशाबा खानम को अलग-अलग पत्र लिखकर बोर्ड से स्वीकृति शासन को भिजवाने को कहा है।
बता दें कि इन चौराहों का सुंदरीकरण सपा शासन काल में हुआ था। एसएसपी चौराहा आगरा-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग के बीच में पड़ता है। जिलाधिकारी चौराहा इटावा- मैनपुरी हाईवे के बीच में स्थित है जो सैफई को जाता है। पास ही जिलाधिकारी का आवास होने के अलावा कुछ ही दूरी पर थाना सिविल लाइन, विकास भवन, कलक्ट्रेट और जिला कोषागार है।