इटावा। रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा की दृष्टि से करीब 50 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने के बाद आरपीएफ कार्यालय में कंट्रोल रूप बनाया गया है। इसके लिए कार्यालय में दो बड़ी एलसीडी स्क्रीन लगाई गई हैं। जिसके जरिए कार्यालय में बैठे आरपीएफ कर्मी पूरे स्टेशन पर नजर रख सकेंगे। जल्द ही कंट्रोल रूम शुरू हो जाएगा। इसके जरिए स्टेशन आने वाले संदिग्ध लोगों की भी आसानी से पहचान हो सकेगी। किसी भी यात्री के साथ होने वाली घटना को रोका जा सकेगा।
इटावा रेलवे स्टेशन को जंक्शन स्टेशन का दर्जा मिले करीब तीन वर्ष होने जा रहे हैं। स्टेशन पर धीरे- धीरे सुविधाओं का इजाफा हो रहा है। रेलवे स्टेशन पर पांच प्लेटफार्म हैं इन पर 66 मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव होता है। इटावा से रोजाना करीब 13 हजार से ज्यादा यात्री सफर करते हैं। ऐसी स्थिति में रेलवे स्टेशन समेत आने जाने वाले यात्रियों की सुरक्षा करने की जिम्मेदारी भी और ज्यादा बढ़ जाती है। स्टेशन की सुरक्षा की जिम्मेदारी आरपीएफ की होती है।
थाना आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षक विनोद शर्मा ने बताया कि जल्द ही कार्यालय में सीसीटीवी का कंट्रोल रूम शुरूहो जाएगा। जिससे कार्यालय में बैठे कर्मचारी निगाह रखेंगे। जरूरत पड़ने पर किसी भी घटना से संबंधित फुटेज से पता लगाने में आसानी होगी।