एसएसपी एन कोलांचि का बुधवार को शासन ने अलीगढ़ में पीएसी सेनानायक पद पर तबादला करने के आदेश जारी कर दिए। वह 110 दिन तक यहां कप्तान रहे। अचानक हुए इस तबादले के पीछे सीएम अखिलेश यादव की नाराजगी बताई जा रही है। इसे चौपुला में सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राजीव यादव और उनके तीन समर्थकों की गाड़ियों पर हुए पथराव की घटना से जोड़कर देखा जा रहा है। सीएम ने इस घटना पर नाराजगी जताई थी।
29 अक्टूबर को सीएम अखिलेश यादव लखनऊ से आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे होकर कार से सैफई आए थे। उनका काफिला चौपुला में हाईवे से नीचे उतरकर सैफई की ओर रवाना हुआ। चौपुला में डीएम और एसएसपी भी मौजूद रहे। वहीं सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राजीव यादव समर्थकों के साथ सीएम का स्वागत करने के लिए चौपुला पहुंचे। बरालोकपुर के आगे जाकर सीएम थोड़ी देर रुके और वहीं राजीव यादव सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने उन्हें गुलदस्ते भेेंट किए। इसके बाद सीएम का काफिला कर्री पुलिया होते हुए सैफई की ओर रवाना हो गया। राजीव यादव और अन्य समर्थक वापस इटावा की ओर आने लगे। चौपुला से निकलते समय अचानक उनकी गाड़ियों पर शरारतीतत्वों ने पथराव कर दिया। पथराव के चलते तीन गाड़ियों के शीशे टूट गए। तीन कार्यकर्ताओं को आंशिक चोटें आईं थीं। 30 अक्टूबर को सीएम अखिलेश यादव ने सैफई में पीडब्लूडी गेस्ट हाउस में जनता दरबार के दौरान एसएसपी एन कोलांचि से घटना के प्रति नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने इस बात के संकेत भी दे दिए थे कि दिवाली के बाद इस मामले में कार्रवाई करेंगे। आखिर एसएसपी एन कोलांचि का जिले से बाहर तबादला कर दिया गया।
शिवहरी मीना होंगे नए एसएसपी
इटावा। आईपीएस अधिकारी शिवहरी मीना इटावा के नए एसएसपी होंगे। वे इससे पहले मऊ जिले में तैनात थे।