पुलिस लाइन सभागार में गुरुवार की शाम को एसएसपी डा. राकेश सिंह ने जिले भर के थानाध्यक्षों के साथ क्राइम मीटिंग की। इस दौरान वारंटियों की गिरफ्तारी सबसे अधिक करने पर थानाध्यक्ष सहसों को पुरस्कृत किया गया तो वहीं गिरफ्तारी न करने पर सिविल लाइन थानाध्यक्ष विनोद कुमार को एसएसपी ने फटकार लगाई। उन्होंने गैंगेस्टर के मामले में चल अचल संपत्ति कुर्क करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा जनता को विशेष सहूलियत देने के लिए आईजी कानपुर की ओर से टोल फ्री नंबर 05122310512 और व्हाट्सएप नंबर 7704020202 जारी किया गया है। इन नंबरों पर पीड़ित अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि अनावश्यक रूप से किसी को थाने में बैठाया तो थानेदारों की खैर नहीं।
अपराध गोष्ठी के दौरान एसएसपी ने अपराधियों के प्रति कड़ा रुख अपनाने एवं जनसाधारण के प्रति मानवीय दृष्टिकोण रखते हुए संवेदनशील रहकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। नाबालिग लड़कियों को बहला फुसलाकर भगा कर ले जाने की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए ऐसे मामलों से संबंधित लड़कियों की तत्काल बरामदगी व कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में क्षेत्राधिकारियों के साथ जिले भर के थानाध्यक्ष उपस्थित रहे।