इटावा-लवेदी-बकेवर- इकदिल । एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने शहर के थाना सिविल लाइंस व फ्रेंड्स कॉलोनी में आयोजित समाधान दिवस की हकीकत जानी। एसएसपी ने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी खानापूर्ति तक सीमित न रहे, बल्कि धरातल पर पीड़ित को समाधान महसूस होना चाहिए। लवेदी में आयोजित थाना दिवस की अध्यक्षता थाना प्रभारी अनिल विश्वकर्मा ने की। यहां दोपहर 1:30 बजे तक थाना दिवस में एक भी शिकायत नहीं पहुंची। बकेवर थाने में एसपी ग्रामीण श्रीशचंद्र, सीओ भरथना रामदवन मौर्य ने संयुक्त रूप से जनता शिकायतों को सुना। इस दौरान कुल आठ शिकायतें दर्ज की गई। वहीं, थाना इकदिल में एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। एसपी सिटी अभयनाथ त्रिपाठी, थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान समेत कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।