इटावा महोत्सव में आयोजित महिला सम्मेलन में शनिवार को देर शाम मिस एंड मिसिस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में महिलाओं व युवतियों ने बढ़ चढ़ कर भाग लिया। प्रतियोगिता में मिस इटावा का ताज सृष्टि ने पहना तो वहीं मंदाकनी को मिसेज इटावा चुना गया।
मिस एवं मिसिस इटावा प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागियों को तीन चक्रों से होकर गुजरना पड़ा जिसमें उन्हें अपने पहनावे से लेकर बोलचाल, रहन सहन व हाजिर जवाबी का प्रदर्शन करना पड़ा। इसके साथ ही प्रतिभागियों में खुद में छुपी अलग प्रतिभा को भी जजों के सामने रखा।
किसी ने बेहतरीन डांस प्रस्तुत कर जजों को रिझाया तो किसी ने अपनी दूसरी कला से सभी को चौंकाया।इसके साथ ही प्रतिभागियों ने एक एक कर मंच पर कैट वाक भी किया। जिसपर पंडाल में जमकर तालियां बजीं।जजों ने प्रतिभागियों से एक के बाद एक कई सवाल भी दागे जिसका प्रतिभागियों ने खुलकर जवाब दिया।
प्रतियोगिता में जजों के निष्कर्ष पर मिस इटावा का ताज सृष्टी सिंह को पहनाया गया। इसके साथ ही श्रेया शर्मा को प्रथम रनर अप व पायल टंडन को द्वितीय रनर अप रहीं। मंच पर बारी आने पर मिसेज इटावा प्रतियोगिता में प्रतिभागी महिलाओं ने भी खूब लटके झटके दिखाए और जजों को अपनी कला से प्रभावित किया।
इसके साथ ही उनके बेहतर कार्यों पर भी उन्हें प्वांइट दिए गए। प्रतियोगिता में मंदाकनी को मिसिस इटावा चुना गया। इसके साथ ही स्वाती यादव प्रथम रनर अप व नेहा दुबे द्वितीय रनर अप घोषित की गईं। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका डा तृप्ती यादव, आभा यादव व रितु महरोत्रा ने निभाई।