इटावा। जिले में सघन टीबी उन्मूलन अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य आशंकित 1.16 लाख क्षय रोगियों की पहचान करना है। जांच के बाद निक्षय पोर्टल पर उनकी विशेष आईडी तैयार की जाएगी, ताकि मुफ्त इलाज मिल सके।
इस विशेष अभियान के तहत क्षय रोगियों की खोज की जा रही है। इसमें नशा व धूम्रपान करने वाले लोगों को शामिल किया गया है। 60 साल से अधिक उम्र के व्यक्ति और कुपोषित लोग भी लक्ष्य समूह में हैं। मधुमेह रोगी, टीबी मरीजों के करीबी और एचआईवी मरीज भी इसमें शामिल हैं। मलिन बस्तियों में रहने वाले लोगों की भी विशेष आईडी बनाई जाएगी। स्वास्थ्य कर्मियों की टीम घर-घर जाकर जांच करेगी। चलने-फिरने में असमर्थ लोगों के लिए पोर्टेबल एक्सरे मशीन घर ले जाकर जांच की जाएगी।
अभियान की जागरूकता के लिए शिविर आयोजित होंगे। समाज के प्रभावशाली लोगों और धर्मगुरुओं की मदद भी ली जाएगी। क्षय रोग कार्यक्रम जिला समन्वयक कंचन तिवारी ने बताया कि जिले में 4,150 क्षय रोगियों का उपचार चल रहा है। रोगियों को गोद लेकर उनका बेहतर इलाज सुनिश्चित किया जा रहा है। अन्य अफसरों से भी टीबी रोगियों को गोद लेने की अपील की जा रही है, ताकि उन्हें जल्द बीमारी से छुटकारा मिल सके।