इटावा। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि रंगों का त्योहार है इसे पूरे देश में बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है। होली पर पुरानी बातों को भुुलाकर गले मिलते हैं। कुछ राजनीतिक लोग इन त्योहारों पर कब्जा जमाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग झूठ बोलने में माहिर हैं। उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था जितनी खराब है उतनी कभी नहीं थी। हत्या, लूट, डकैती, फर्जी एनकाउंटर किए जा रहे हैं। वह सैफई में गुरुवार को कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि होली देश में हर जगह हर जाति धर्म के लोग एक साथ गले मिलकर मनाते हैं। बताओ अयोध्या में कलाकारों को बुलाकर कहते हैं यह भगवान हैं। हेलीकॉप्टर सरकारी था। उसको पुष्पक विमान बना दिया। होली का त्योहार नफरत नहीं, खुशियां लाता है। उन्होंने कहा कि किसानों को कुछ मिल नहीं रहा है। इस सरकार में नौजवान से लेकर सभी परेशान हैं। कर्जमाफी में किसानों के साथ छल किया है। न जाने कितने किसानों ने आत्महत्या की है। नोटबंदी पर फिर सवाल उठा। आधार कार्ड से जोड़ने पर भी अखिलेश ने खिल्ली उड़ाई। मथुरा में होली खेलने पर भी तंज कसा। अपने परिवार पर कुछ भी नहीं बोले। सपा संरक्षक एवं पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव भी गुरुवार शाम अपने परिवार के साथ सैफई पहुंचे। डिंपल यादव, बच्चे अर्जुन और टीना भी सैफई आए हैं।
अब सैफई में मुलायम सिंह यादव के परिवार के साथ गांव एवं आसपास के लोग बड़ी तादाद में फूलों की होली खेलने जाते हैं। होली का फाग गायन भी होता हैं। गायक फाग गाते हैं और मुलायम सिंह यादव उन्हें इनाम देते हैं।
सैफई में होली मिलन की तैयारियां की गई। शुक्रवार को मुलायम सिंह यादव एवं अखिलेश यादव के आवास के बाहर होली खेलने एवं लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
सांसद धर्मेंद्र यादव, सांसद तेजप्रताप सिंह यादव भी होली उत्सव में शामिल होंगे। सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव एवं पूर्व केबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव भी शुक्रवार को सैफई में होली मनाएंगे। शिवपाल सिंह यादव ने एसएस मेमोरियल व रामगोपाल यादव ने अपने आवास पर होली खेलने की व्यवस्था की है। इस के बाद परिवार के लोग एक दूसरे से मिलेंगे।