इटावा। समाजवादी पार्टी गठबंधन कांग्रेस से करे या किसी और से, उसे उत्तर प्रदेश में एक से अधिक सीट मिलने वाली नहीं है। इस बार यूपी से सपा का सूपड़ा साफ होकर ही रहेगा। प्रदेश ही नहीं देश के लोग नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का मन बना चुके हैं।
यह बात सांसद डॉ. रामशंकर कठेरिया ने रविवार को सिंचाई विभाग के गेस्ट हाउस में पत्रकार वार्ता के दौरान कही। सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत को विकसित, आत्मनिर्भर, स्वावलंबी देश बनाने का संकल्प हम सबको मिलकर लेना है। पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न सम्मान दिए जाने पर कहा कि इससे हर कार्यकर्ता को सम्मान मिला है। केंद्र सरकार का यह निर्णय देश का मनोबल बढ़ाने वाला है।
बजट के बारे में कहा कि सरकार ने जो अंतरिम बजट प्रस्तुत किया है, वह सर्व स्पर्शी, सर्वव्यापी और सर्वसमावेशी है। इटावा में पहली बार बड़े पैमाने पर हुए विकास के काम हुए। पंचनद बांध परियोजना के लिए पांच हजार करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। अटल एक्सप्रेस वे भी इटावा को जोड़ा जाएगा। इटावा से कुदरकोट तक का मार्ग फोर लेन बनाने के लिए 250 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। बसरेहर और भरथना कस्बे में बाईपास का निर्माण स्वीकृत हुआ है। इटावा रेलवे स्टेशन के सुंदरीकरण के लिए 33 करोड़ रुपये स्वीकृत कराए गए हैं। वार्ता में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोहन शर्मा, जिला महामंत्री अन्नू गुप्ता, शिवाकांत चौधरी आदि उपस्थित रहे।