जसवंतनगर। सराय भूपत कटेखेड़ा गांव में रहने वाले पूर्व नायब सूबेदार के घर में बेटे की शादी का जश्न था। घर रंग-बिरंगी रोशनी से नहा रहा था। चारों तरफ बैंडबाजे की धुन सुनाई दे रही थी। बरात निकल ही रही थी कि तभी पूर्व नायब सूबेदार की हालत बिगड़ी गई। परिजन अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कुछ ही देर में खुशी का माहौल मातम में बदल गया और हर तरफ चीख-पुकार मच गई।
पूर्व नायब सूबेदार दिनेश सविता के पुत्र संजय कुमार का मंगलवार को विवाह था। घर में हर तरफ खुशियां थीं। तिलक समारोह मंगलवार को दिन में नजदीकी मैरिज होम में हो चुका था। शाम को बरात की तैयारियां चल रही थीं। घर के सामने बैंडबाजे बज रहे थे। लड़की पक्ष मैरिज होम में बरात के स्वागत की तैयारी कर रहा था। बरात कार्यक्रम स्थल पर पहुंच पाती इससे पहले ही दिनेश सविता के अचानक सीने में दर्द उठा और पसीना निकलने लगा। परिजन तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डाॅक्टर ने उपचार शुरु किया, लेकिन पांच मिनट बाद ही दिनेश सविता को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
पूर्व नायब सूबेदार दिनेश सविता की पत्नी का निधन तीन वर्ष पहले हो चुका था। बड़े बेटे सौरभ सविता और बेटी बबली की शादी पहले हो चुकी है। दिनेश सविता की मौत से परिजनों व रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है। आनन-फानन में सराय भूपत प्रधान के पति रमेश यादव और घर के लोगों ने शादी की रस्में अदा कराईं।
........................................
पूर्व सैनिकों ने तिरंगा ओढ़ाकर दी श्रद्धांजलि
पूर्व नायब सूबेदार दिनेश सविता के अंतिम संस्कार में पूर्व सैनिकों ने सम्मान के साथ तिरंगा ओढ़ाया और पुष्प अर्पित कर सलामी देकर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि देने वालों में ओनरी कैप्टन रमेश चंद्र प्रजापति, रिटायर्ड सूबेदार मेजर व जिलाध्यक्ष भारतीय सैनिक संघ रघुराज सिंह, कानपुर मंडल कंपनी कमांडर जयवीर सिंह, सुरेश चंद्र, श्यामवीर सिंह, पूर्व सैनिक सूबेदार सिंह, प्रदीप कुमार, बृजेश कुमार, कैप्टन राकेश यादव, कांस्टेबल गजेंद्र यादव, हेड कांस्टेबल नागेंद्र सिंह, नायक रविंद्र कुमार, जिला उपाध्यक्ष एयर फोर्स सैनिक प्रकोष्ठ सूबेदार अजब सिंह, कैप्टन फेरू सिंह आदि ने जय हिंद के नारे लगाकर श्रद्धांजलि दी।