ताखा। हाईटेंशन लाइन के करंट से झुलसे मिस्त्री की आठ दिन बाद आगरा के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव मृतक के गांव पहुंचा। पत्नी ने ठेकेदार पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
ऊसराहार थाना क्षेत्र के पुरैला गांव में चार मार्च को आंगनबाड़ी केंद्र पर लिंटर के लिए जाल बिछाते समय हाईटेंशन लाइन से सरिया छूने से दो मिस्त्री करंट से झुलस गए थे। इसमें वेदप्रकाश (50) निवासी कुदरैल की बीते मंगलवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पत्नी सुनीता देवी ने ठेकेदार पर हत्या का आरोप लगाया और तहरीर दी। तहरीर में सुनीता देवी ने कहा है कि पति के रुपये रोक कर ठेकेदार उनसे जबरन काम करवाता था और कभी पूरे रुपये नहीं देता था। परिजन मुकदमा दर्ज होने के बाद अंतिम संस्कार करने की बात कह रहे हैं। थाना प्रभारी बेचन सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों ने ठेकेदार के खिलाफ तहरीर दी है। मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।