रणवीर सिंह स्मृति सैफई महोत्सव में गुरुवार की रात बॉलीवुड गायकों व कलाकारों ने अपनी आवाज व अदा का जलवा बिखेरा। गीत-संगीत के रंगारंग कार्यक्रमों का दर्शकों ने देर रात तक लुत्फ उठाया। कार्यक्रम के समापन पर नव वर्ष के स्वागत में जमकर आतिशबाजी भी हुई।
सैफई महोत्सव के मंच पर पंजाबी गायक राणा साद ने ग्रुप के साथ ‘दमादम मस्त कलंदर’ ‘सुबह होने न दे’ ‘लंदन ठुमका’ ‘सूरज डूबा है’ ‘जीने के हैं चार दिन’ ‘सावन में लग गयी आग’ ‘जिला टॉप लागे तू’ व ‘दरदी रब रब करदी’ आदि गीत प्रस्तुत किया।
इन गीतों पर पंडाल में मौजूद लोग झूम उठे। इसके बाद मंच पर आई मशहूर गायिका खुशी ठाकुर ने अपनी गायकी का जादू दिखाया। खुशी ठाकुर ने ‘चिपकाले सैइया फेवीकॉल से’ व ‘मुन्नी बदनाम हुई’ गीत गाया तो लोग थिरकने लगे। इसके बाद उन्होंने ‘जब छाए मेरा जादू’ व ‘चिकनी कमर पे’ गीत पेशकर सबकों मंत्रमुग्ध कर दिया।
हास्य की बारी आई तो लाफ्टर चैलेंज सीजन-तीन के फाइनल रनरअप कुलदीप दुबे ने अपनी कामेडी व चुटकुलों से लोगों को खूब गुदगुदाया। उन्होंने नाना पाटेकर, अमिताभ बच्चन, जॉनी लीवर सहित कई कलाकारों की आवाज की नकल कर लोगों का खूब मनोरंजन किया।
इंडियन आइडल 2010 में फाइनल तक पहुंचे प्रतिभागी असित कुमार त्रिपाठी ने ‘बचना ऐ हसीनो लो में आ गया’ तथा ‘केसरिया मेरो बलमा’ गाकर युवाओं को खूब झुमाया। एंकर व गायक संदीप कपूर ने मंच का संचालन किया। कार्यक्रम की प्रस्तुति ग्रिंस इंटरटेनमेंट मुंबई ने की।
कार्यक्रम के समापन पर नव वर्ष के स्वागत में जमकर आतिशबाजी की गई, जिसका सभी ने आनंद लिया। इस अवसर पर सांसद तेज प्रताप यादव, महोत्सव समिति के प्रबंधक वेदव्रत गुप्ता के अलावा रविंद्र श्रीवास्तव, फुरकान अहमद, आशीष राजपूत, मनोज यादव, लाल जी दुबे, संतोष शाक्य, भारत सिंह यादव, रामनरेश प्रधान आदि मौजूद रहे।