थाना क्षेत्र अंतर्गत बिधूना रोड पर गांव पड़ियापुरा के पास बाइक सवार पिता-पुत्र को लोडर ने राैंद दिया। हादसे में पुत्र की मौत हो गई जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गया।
बिधूना थाना क्षेत्र के गांव बीबीपुर निवासी अरविंद कुमार शनिवार को हाथ में दर्द होने पर दवा लेने पुत्र पवन कुमार (18) के साथ बाइक से इटावा आ रहा था। बाइक पवन चला रहा था। भरथना थाना क्षेत्र के गांव पड़िया पुरा के पास सामने से आ रहे लोडर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी और दोनों को रौंदता चला गया। पवन हेलमेट नहीं लगाए था, जिसके कारण उसके सिर में गंभीर चोट आई। हादसे के बाद चालक लोडर छोड़कर भाग गया। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल भेजा लेकिन रास्ते में पवन ने दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल अरविंद को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुत्र के शव को देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दो दिन पहले उठाई थी बहन की डोली
भरथना। सड़क हादसे में मौत का शिकार हुए पवन ने शुक्रवार को ही बहन की डोली उठाई थी। भाई के शव को देख ससुराल से आई उसकी बहन के आंसू थमने के नाम नहीं ले रहे थे। बिधूना क्षेत्र के बीबीपुर गांव निवासी अरविंद कुमार ने पुत्री माया की शादी बसरेहर थाना क्षेत्र के गांव जैतपुर निवासी नीरू सिंह के साथ की थी। गुरुवार को धूमधाम के साथ बारात चढ़ी और शुक्रवार को बारात विदा हुई थी। उसने बहन की डोली उठाई थी।