संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। परिषदीय विद्यालयों के बच्चों को निशुल्क ड्रेस, जूते मोजे देने का काम अभी तक पूरा नहीं हो सका है। जनवरी का महीना चल रहा है। अगर फरवरी में स्कूल खोलने के आदेश हो गए तो कहीं नंगे पैर और कहीं बगैर मोजे के सिर्फ जूते पहनकर बच्चे स्कूूल जाएंगे।
जिले के आठ ब्लॉक एवं नगर क्षेत्र में से दो ब्लॉकों में मांग के सापेक्ष आधे जूते ही आए हैं। चार ब्लाकों में एक भी जूता नहीं पहुंचा है। जहां जूते पहुंचे भी हैं वहां मोजा नहीं आया है। परिषदीय विद्यालयों के बच्चे ड्रेस और स्वेटर ही अभी तक पा सके हैं। जूते मोजे का इंतजार है। तीन ब्लाकों में जूते आए हैं तो उनका अभी सत्यापन होना बाकी है। बगैर सत्यापन के जूते नहीं बंटेंगे। मोजा और बैग के लिए अभी इंतजार करना पड़ेगा।
कोरोना काल में मार्च से ही अन्य स्कूलों की भांति परिषदीय विद्यालय भी बंद हैं। विद्यालयों में बच्चों को घर पर ही रहकर प्रेरणा एप अथवा मोहल्ला पाठशाला के माध्यम से शिक्षा दी जा रही है। शासन ने परिषदीय विद्यालयों में निशुल्क पाठ्यपुस्तकें और ड्रेस, स्वेटर, जूता मोजा उपलब्ध कराने का कार्यक्रम जारी रखा। जिले के कक्षा 1 से लेकर 8 तक, कस्तूरबा आवासीय, आश्रम पद्धति और राजकीय कॉलेजों के 8 तक के 1 लाख 11 हजार 311 बच्चों को ड्रेस उपलब्ध कराई जा चुकी है। सर्दी के सीजन में इन बच्चों को स्वेटर भी बंट चुके हैं। परंतु अभी तक ड्रेस पूरी नहीं हो सकी है। बगैर जूते मोजे के ड्रेस अधूरी ही है।
एक भी बच्चे को नहीं मिलेगा अभी मोजा
इटावा। शासन स्तर से अभी मोजे की सप्लाई नहीं आई है। जिस कारण से अभी किसी भी बच्चे को मोजा नहीं मिल सकेगा। अर्थात जिन बच्चों को जूते मिल भी जाएंगे उन्हें बगैर मोजा पहने ही स्कूल आना पड़ेगा।
चार ब्लॉकों के बच्चों को जाना पड़ेगा नंगे पैर
इटावा। चकरनगर, सैफई, बढ़पुरा और ताखा ब्लॉक में अभी जूते की सप्लाई भी नहीं आई है। ऐसे में यहां पढ़ने वाले बच्चों को जूते भी नहीं मिल पाए हैं। भरथना के 16998, बसरेहर के 14900 और नगर क्षेत्र के 4251 बच्चों के लिए सिर्फ जूते आए हैं। मोजे नहीं आए हैं। वहीं महेवा में 20592 के सापेक्ष 10165, जसवंतनगर में 15383 के सापेक्ष 7583 जूते ही आ सके हैं। मोजे यहां भी नहीं आए हैं।
बैैग भी अभी नहीं मिलेगा
इटावा। स्कूली बैग के लिए भी बच्चों को अभी इंतजार करना पड़ेगा। शासन स्तर से बैग और मोजे की सप्लाई अभी तक नहीं आ सकी है। बच्चों को पाठ्यपुस्तकें तो समय से मिल गई परंतु बैग कब तक जाएंगे इस बारे में अभी कुुछ नहीं कहा जा सकता।
सत्यापन के बाद बंटेंगे जूते
इटावा। सर्व शिक्षा अभियान के जिला समन्वयक मनोज धाकरे ने बताया कि भरथना, बसरेहर और नगर क्षेत्र में जूतों की सप्लाई आ चुकी है। सत्यापन का काम चल रहा है। संबंधित एसडीएम, बीईओ और एडीओ की समिति की सत्यापन रिपोर्ट आने के बाद इन ब्लॉकों में बच्चों को जूते बांट दिए जाएंगे। चार ब्लॉकों में सप्लाई जल्द आने वाली है। जिन ब्लॉकों में मांग के सापेक्ष अभी कम सप्लाई है। वह एक दो दिन में पूरी हो जाएगी। सप्ताह के अंदर ही जूतों का वितरण होना शुरू हो जाएगा। मोजा और बैग की सप्लाई शासन से आते ही वितरण कराया जाएगा।