भरथना (इटावा)। झारखंड संपर्क क्रांति एक्सप्रेस की एक बोगी में ब्रेक शू से धुआं उठने से खलबली मच गई। करीब आधा घंटे की मशक्कत के बाद ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
भरथना रेलवे स्टेशन पर शनिवार दोपहर करीब 12 बजे आनंद बिहार से रांची जा रही झारखंड संपर्क क्रांति एक्सप्रेस की बी 3 बोगी में ब्रेक शू से धुआं उठने की सूचना पर भरथना रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या दो पर रोका गया। ट्रेन के रुकते ही आनन फानन में ऑन ड्यूटी रेल व सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंच गए। जानकारी के मुताबिक, ट्रेन में लगे छह अग्निशमन सिलिंडर व रेलवे स्टेशन पर रखे एक सिलिंडर की ओर से धुआं पर काबू पाया गया।
इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था में जीआरपी व आरपीएफ के जवान मुस्तैद बने रहे। कई यात्री घबराकर बोगी से उतरकर प्लेटफॉर्म पर खड़े रहे। लगभग आधा घंटे की मशक्कत के बाद ट्रेन को दोपहर 12:35 बजे गंतव्य को रवाना किया गया। जोधपुर एक्सप्रेस व सीमांचल एक्सप्रेस, मुरी एक्सप्रेस आदि ट्रेन पीछे खड़ी रही जोकि बाद में क्रमवार गंतव्य को रवाना किया।