फोटो 23:::भरथना रेलवे स्टेशन पर खड़ी शिवगंगा एक्सप्रेस। संवाद
- लोको पायलट की लापरवाही पर कराया गया मेडिकल, सीएनडब्ल्यू कोर टीम ने भी की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
भरथना (इटावा)। कानपुर से दिल्ली जा रही शिवगंगा एक्सप्रेस (12559) बुधवार सुबह सात बजे रेड सिग्नल तोड़कर आगे निकल गई। आनन-फानन ओएचई से विद्युत आपूर्ति बाधित कर ट्रेन को रोका गया। ऐसे में बड़ा हादसा बच गया। प्रथम दृष्टया लोको पायलट की लापरवाही मानकर उसका मेडिकल कराया गया है।
भरथना-साम्हो रेलवे स्टेशन के मध्य अप लाइन पर बुधवार सुबह करीब सात बजे कानपुर से दिल्ली की तरफ जा रही शिवगंगा एक्सप्रेस लाल सिग्नल संख्या 507 को पार कर गई। इंजन पार करते ही कंट्रोल रूम की सूचना पर ओचएई लाइन को काटकर ट्रेन को रोका गया। जांच के आधे घंटे बाद ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
लगभग चार मिनट बाद ओएचई लाइन की आपूर्ति बहाल होने पर ट्रेन को भरथना रेलवे स्टेशन की लूप लाइन पर ठहराया गया। सूचना पर इटावा से सीएनडब्ल्यू कोर की टीम भरथना पहुंची। टीम ने जांच-पड़ताल के साथ लोको पायलट और गार्ड को बदलकर करीब आधा घंटे बाद ट्रेन को रवाना किया। लोको पायलट का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। साथ ही यांत्रिकी टीम तकनीकी जांच भी कर रही है।