ताखा (इटावा)। देवर ने भाभी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को परिजन सीएचसी ले गए जहां डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ऊसराहार थाना क्षेत्र के कुइता सरैया गांव निवासी मोहिनी देवी (30) पत्नी प्रदीप कुमार को उसके देवर रवि कुमार ने गुरुवार दोपहर करीब साढे़ तीन बजे छत पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। घटना के समय जेठानी पूजा घर पर नीचे सो रही थी। मोहिनी की चीख सुनकर पड़ोसी घर पहुंचे जिन्हें देखकर आरोपी देवर रवि छत से कूदकर भाग गया।
ससुर अतर सिंह व सास गिरजा देवी गांव के बाहर सड़क पर किराने की दुकान पर थे। पति व जेठ गौरव किशनी दुकान पर और सबसे छोटा देवर अनुज सरसई नावर में अपनी दुकान पर था। घटना की सूचना पर पति घर पहुंचकर मोहिनी को सीएचसी ले गया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम ने जांच-पड़ताल के बाद महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। महिला के पति ने बताया कि उसका भाई आए दिन नशे में लोगों से झगड़ा करता था। कुछ माह पहले भी रवि ने मोहिनी को अकेला पाकर उसके साथ मारपीट की थी। जिसपर प्रदीप ने अपने भाई रवि को चेतावनी देकर छोड़ दिया था। थाना प्रभारी हेमंत कुमार सोलंकी ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा।