सैफई में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने एक साल के कार्यकाल में किसान, छात्र, गरीब, नौजवान के लिए कोई काम नहीं किया। बस चमत्कार पर चमत्कार किए । जबकि सपा की प्रदेश में सरकार बनने के छह माह बाद ही विकास दिखाई देने लगा था।
शुक्रवार को सैफई में अपने आवास पर कार्यकर्ताओं से मुलाकात के दौरान उन्होंने यह टिप्पणी की। प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहाकि यह बहुत ही चमत्कारी लोग हैं। इनकी हर बात में चमत्कार रहता है। जनता अब इनके चमत्कार को जान चुकी है। सरकार में नए-नए चमत्कार दिखाई देंगे लेकिन विकास कहीं नहीं दिखेगा। किसानों, गरीबों और मजदूरों के लिए इस सरकार ने कोई कार्ययोजना नहीं बनाई। जबकि 2012 में सपा की प्रदेश में सरकार बनने के महज 6 महीने बाद ही विकास जमीन पर दिखने लगा था। उन्होंने कार्यकर्ताओं को 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए अभी से जुट जाने की नसीहत देते हुए कहाकि बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करें तभी पार्टी मजबूत होगी ।