उरई। बीमार महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मायके वालों का आरोप है कि ससुरालियों ने उसका सही इलाज नहीं कराया। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कालपी कोतवाली क्षेत्र के बरदौली गांव निवासी बब्लू की 25 वर्षीय पत्नी मुस्कान की बुधवार को हालत बिगड़ गई। परिजन उन्हें मेडिकल कॉलेज लाए जहां गंभीर हालत होने पर झांसी रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजन महिला के शव को गांव ले आए। सूचना पर पहुंचे कदौरा थाना क्षेत्र के मरगायां गांव निवासी मायके पक्ष के लोगों ने सही तरीके से इलाज न कराने का आरोप लगाया है। पति बब्लू ने बताया कि वह मजदूरी करता है। उसके एक पुत्र था। उसकी भी तीन वर्ष पहले मौत हो गई थी। कोतवाल कामता प्रसाद का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच की जा रही है।