लवेदी। ग्राम नवादा खुर्द कलां स्थित श्री भोलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में शुक्रवार को सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। कथा के पहले दिन महिलाओं और बालिकाओं ने पारंपरिक वस्त्र धारण कर मंगल गीत गाते हुए कलश यात्रा निकाली।
यात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान गांव के सभी मंदिरों में पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद शोभायात्रा कथा स्थल पर पहुंची, जहां प्रधान कलश की स्थापना के साथ धार्मिक अनुष्ठान शुरू हुए। प्रथम दिन आचार्य श्री रामश्याम तिवारी ने श्रीमद्भागवत कथा का महात्म्य सुनाते हुए श्रद्धालुओं को भक्ति और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
कथा प्रतिदिन दोपहर 12:30 से शाम चार बजे तक होगी। शाम पांच बजे से भजन-कीर्तन का आयोजन होगा। पांच नवंबर को कथा का समापन और छह नवंबर को हवन, पूर्णाहुति व विशाल भंडारा होगा। आयोजकों ने क्षेत्रीय श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की है। (संवाद)