भरथना में खड़ी संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस
- फोटो : अमर उजाला
राजेंद्र नगर पटना से नई दिल्ली जा रही संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस के जरनल कोच में शार्ट सर्किट से यात्रियों में हड़कंप मच गया। यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन को साम्हो स्टेशन पर रोक लिया। इसके बाद ट्रेन को भरथना स्टेशन पर रोका गया। ट्रेेन के टेक्निकल स्टाफ ने जनरल कोच की बिजली लाइन काटकर ट्रेन को रवाना किया।
दिल्ली की ओर जा रही संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस के पीछे से तीसरे जरनल कोच में यात्रा कर रहे उदय सिंह निवासी पटना, सूरज निवासी नालंदा और दिनेश ने बताया कि कोच में बिजली नहीं थी। किसी यात्री ने कोच के गेट के पास स्थित बिजली के तारों से छेड़छाड़ कर दी। अचानक तारों से चिंगारी के साथ धुआं उठने लगा। यह देख कोच में सवार यात्रियाें में हड़कंप मच गया। यात्रियों ने करीब सुबह चार बजे साम्हों स्टेशन पर चेनपुलिंग कर ट्रेन रोक ली।
सहमे कुछ यात्री ट्रेन से उतर गए। ट्रेन स्टाफ को जानकारी देने के बाद 4:12 बजे ट्रेन रवाना की गई। 4:22 बजे ट्रेन भरथना स्टेशन पर रोकी गई। ट्रेेन के तकनीकी स्टाफ ने कोच की लाइन को अलग कर कोच के बाहर किनारे पाइप में बांध दिया। ट्रेन को चेक कर 35 मिनट बाद रवाना किया गया। स्टेशन अधीक्षक साम्हों बीके सिंह ने बताया कि एक कोच में शार्टसर्किट होने से यात्रियों ने ट्रेन को चेन पुलिंग कर रोका था। जो यात्री स्टेशन पर छूट गए थे, उन्हें लूप लाइन पर रुकी एक्सप्रेस ट्रेनों से रवाना किया गया।