जसवंतनगर। रेलवे क्रॉसिंग के पास उधार में सामान देने से मना करने पर दुकान में तोड़फोड़ कर आग लगा दी। इसमें दुकान में रखा करीब डेढ़ लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
नगला भोगाताल निवासी रामवीर सिंह ने पुलिस को तहरीर दी है। इसमें बताया कि मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे उनकी लकड़ी की बनी खोखा दुकान पर नगला वर्माजीत निवासी एक युवक उधार में सामान लेने आया था। मना करने पर वह अभद्रता करने लगा और फोन कर अपने साथियों को बुला लिया।
आरोप है कि मौके पर पहुंचे लोगों ने उनके पुत्र के साथ मारपीट की और दुकान में रखा कांच का काउंटर तोड़ दिया। पीड़ित ने जब पुलिस में शिकायत की बात कही तो आरोपियों ने समझौते का दबाव बनाया और इन्कार करने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद रात करीब 12:20 बजे छह से अधिक लोग मौके पर पहुंचे और दुकान में आग लगा दी।
आग लगने की सूचना रेलवे गेटमैन ने फोन पर दी। स्थानीय लोगों व दमकल टीम की मदद से आग पर काबू पाया गया। इस दौरान दुकान में रखा करीब डेढ़ लाख रुपये का सामान जलकर राख हो चुका था। थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।