जसवंतनगर (इटावा)। 2024 में देश से भाजपा का सूपड़ा साफ हो जाएगा। यह बात सोमवार को पत्रकारों वार्ता करते हुए पूर्व मंत्री और सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने कही।
उन्होंने भाजपा नेता की ओर से उनकी बहू और मैनपुरी सांसद डिंपल यादव पर की गई टिप्पणी पर कहा कि अब सिर से ऊपर पानी जा रहा है। भाजपा की 99 गलती माफ की हैं। अब बहुत हुआ। सड़क से संसद तक सरकार को घेरा जाएगा। बहू के खिलाफ एक शब्द भी नहीं सुनेंगे। अब आम लोगों का भाजपा से विश्वास टूट गया है। अखिलेश से मतभेद न होते तो पिछले विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार न बनती।
उन्होंने कहा कि देशभर में भारतीय जनता पार्टी ने संविधान की धज्जियां उड़ा रखी हैं।
देश जबरदस्त महंगाई, गरीबी और बेरोजगारी से परेशान है। यह सरकार कानून को ताक पर रखकर लोगों को डरा धमकाकर उन्हें जेलों में भेज रही है। धर्म विशेष के लोगों का उत्तर प्रदेश में गिनकर उत्पीड़न योगी सरकार करा रही है। इस मौके पर आदित्य यादव अंकुर, कुमुदेश यादव, अजेंद्र सिंह गौर, अनुज मोंटी यादव राहुल गुप्ता, विनोद यादव आदि मौजूद रहे।