इटावा। लायन सफारी में शेरनी तेजस्विनी की बीमारी के कारण मंगलवार शाम को मौत हो गई। चार दिन पहले उसकी तबियत ज्यादा बिगड़ गई थी। उसने खाना-पीना छोड़ दिया था। सफारी के उपनिदेशक एके सिंह ने शेरनी की मौत की पुष्टि की है। बताया कि पोस्टमार्टम के लिए मंगलवार को शव बरेली के आईवीआरआई केंद्र भेजा जाएगा।
शेरनी तेजस्विनी करीब 20 साल की थी। उसे 26 सितंबर 2019 को गुजरात से इटावा के सफारी पार्क लाया गया था। उसके साथ गुजरात से शेरनी मरियम, जेनिफर, राधा, माहेश्वरी और शेर तौकीर को लाया गया था।
इनमें से तौकीर शेर की मौत 16 अक्तूबर 2019 को हो चुकी है। तेजस्विनी काफी दिनों से बीमार चल रही थी और दो दिसंबर को उसकी हालत ज्यादा बिगड़ गई थी। क्षेत्रीय वन अधिकारी अशोक कुमार निमेश की अगुवाई में पांच सदस्यीय टीम तेजस्विनी के शव को बरेली स्थित आईवीआरआई केंद्र पोस्टमार्टम के लिए लेकर जाएगी।