इटावा। फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र में मंडी सड़क पर स्थित एक मार्ट में गुरुवार देर शाम लिफ्ट बीच में रुक गई। उसमें सवार चार युवक और दो मासूम बच्चों के एक महिला समेत सात लोग अंदर फंस गए। करीब 50 मिनट तक लोग लिफ्ट में बंद रहे, जिसके बाद तकनीकी टीम की मदद से सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
भरथना के मोहल्ला इंद्रा नगर निवासी क्रश दुबे अपने दोस्तों के साथ खरीदारी करने गए थे। शॉपिंग के बाद वह अपने तीन दोस्तों के साथ लिफ्ट से नीचे उतर रहे थे। लिफ्ट में एक महिला भी दो बच्चों के साथ थी। लिफ्ट पहली और दूसरी मंजिल के बीच पहुंचते ही बीच में ही रुक गई। अचानक लिफ्ट रुकने से अंदर मौजूद लोगों में घबराहट फैल गई।
काफी देर तक बाहर निकलने का रास्ता न मिलने पर मार्ट कर्मचारियों और टेक्नीशियन को सूचना दी गई। करीब 50 मिनट की मशक्कत के बाद तकनीकी टीम ने लिफ्ट का दरवाजा खोलकर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। क्रश दुबे ने बताया कि लिफ्ट में फंसे सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। घटना के बाद कुछ देर तक मार्ट में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। (संवाद)