बकेवर। शासन से आए नोडल अधिकारी ने बृहस्पतिवार को अहेरीपुर गोशाला का निरीक्षण किया। यहां क्षमता से अधिक गोवंशों को देखकर उन्होंने अस्थाई गोशाला बनवाकर गाय और साड़ों को अलग-अलग करने के निर्देश दिए।
नोडल अधिकारी प्रेम प्रकाश मीणा जिले के दौरे पर हैं। बृहस्पतिवार को दूसरे दिन वह अहेरीपुर की गोशाला का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां गोवंशों की संख्या रजिस्टर में चेक की। इसके बाद भूसा, दाना, हरा चारा, पानी, बिजली चिकित्सा आदि की व्यवस्थाओं को देखा। महेवा में सिंचाई विभाग के डाक बंगले में चल रही अस्थाई गो आश्रय स्थल को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। बायो गैस प्लांट को चालू कराए जाने के निर्देश दिए। कुछ ग्रामीणों ने गोशालाओं में भरण पोषण के लिए जाने वाले रुपये बढ़ाने के लिए तथा भूसे का समय से भुगतान न होने की बात कही।
नोडल अधिकारी ने उपनिदेशक निदेशालय डॉ. जेपी वर्मा को यथासंभव समय से भूसे का भुगतान कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर सीवीओ डॉ. मनोज कुमार गुप्ता, पशुधन प्रसार अधिकारी संघ के जिला अध्यक्ष अनिल वीर सिंह चौहान, पशुधन प्रसार अधिकारी बादाम सिंह, नरेंद्र शर्मा, फार्मासिस्ट अजय प्रताप सिंह, प्रदीप कुमार, अहेरीपुर सचिव सौरभ कुमार, महेवा प्रधान कुदुम दोहरे, महेवा सचिव सोनल कुशवाहा अहेरीपुर प्रधान प्रतिनिधि अखिलेश वर्मा विक्रांत आदि मौजूद रहे।