लवेदी। डिभोली वन रेंज के पास वृंदावन अड्डा पर एक मंदबुद्धि महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। आसपास के लोगों को बदबू आने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची थाना लवेदी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। मृतका की पहचान नीतू (40)पत्नी जोगिंदर सिंह निवासी डिभोली के रूप में हुई। बताया गया कि महिला का मानसिक संतुलन करीब पांच वर्षों से ठीक नहीं था, जिसके कारण वह अक्सर इधर-उधर भटकती रहती थी। पति जोगिंदर सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले वह सीढ़ियों से गिर गई थी, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट लग गई थी। चोट के कारण उसके सिर में कीड़े पड़ गए थे। उन्होंने बताया कि इलाज कराने का प्रयास किया गया, लेकिन महिला इलाज नहीं करा पाती थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसआई जितेंद्र चौधरी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चल सकेगा। (संवाद)