तीन दिवसीय कार्यक्रम में आयोजित होगी निबंध और कविता प्रतियोगिता
संवाद न्यूज़ एजेंसी
इटावा। जनपद के सभी माध्यमिक विद्यालयों में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। डीआईओएस अतुल कुमार सिंह ने बुधवार को इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। गुरुवार से शुरू होने वाले इन कार्यक्रमों के माध्यम से राजनीति में महिलाओं की भागीदारी और लैंगिक समानता पर जोर दिया जाएगा।
जारी कार्यक्रम के अनुसार, जनपद के सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों में कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई है। पहले दिन यानी गुरुवार को नारी शक्ति मानव श्रंखला का आयोजन होगा। इसमें छात्राएं, महिला शिक्षक और महिला अभिभावक सशक्त नारी-विकसित भारत का संदेश देंगी। शुक्रवार को शौर्य प्रदर्शन और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
एनसीसी, स्काउट एवं गाइड की छात्राएं ड्रिल और आत्मरक्षा तकनीक का प्रदर्शन करेंगी। साथ ही महिला विभूतियों के जीवन पर आधारित लघु नाटिका, लोकगीत और खेलकूद प्रतियोगिताएं होंगी। सोमवार को वाद-विवाद और लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। विकसित भारत-2047 में नारी की भूमिका विषय पर निबंध, स्वरचित कविता और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। डीआईओएस ने निर्देश दिए हैं कि सभी प्रधानाचार्य इन कार्यक्रमों का दस्तावेजीकरण सुनिश्चित करेंगे। कार्यक्रम के बाद गतिविधियों की सूचना और फोटोग्राफ्स राज्य परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा की ईमेल आईडी पर भेजे जाएंगे।