सैफई। बैराइन गांव में शौचालय निर्माण में धांधली की जांच शुरू हो गई है। दो मजरों की जांच में निर्माण में गड़बड़ी और कई शौचालय अधूरे मिले हैं। अभी अन्य मजरों की जांच होना बाकी है। गणतंत्र दिवस के बाद टीम जांच पूरी कर रिपोर्ट सीडीओ को सौंपेगी।
ब्लाक के ग्राम पंचायत के बौराइन में शौचालय निर्माण में धांधली बरती गई है। ओडीएफ घोषित गांव में आधे से अधिक शौचालय अधूरे पड़े हैं। इस खबर को अमर उजाला ने 17 जनवरी अंक में प्रकाशित किया था। इस पर सीडीओ राजा गणपति आर ने डीपीआरओ को जांच कराने का निर्देश दिया। डीपीआरओ की ओर से स्वच्छ भारत मिशन के अनुराग बाजपेयी के जिला सलाहकार अगुवाई में चार सदस्यीय टीम गठित की गई। यह टीम शनिवार को गांव पहुंची और गांव के मजरा नगला बाबा और भगवतीपुर में शौचालयों का स्थलीय सत्यापन किया। जांच टीम के साथ ग्राम पंचायत अधिकारी स्नेहलता भी थीं। उन्होंने जांच टीम को इधर उधर टहलाने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने सूची के अनुसार घर-घर जाकर दो मजरों में सत्यापन किया। अनुराग ने बताया कि दो मजरों में जांच पूरी कर ली गई है। यहां शौचालय अधूरे और कम मिले हैं। अन्य मजरों की जांच कर रिपोर्ट सीडीओ को सौंपी जाएगी।