युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल के तत्वाधान में मंगलवार को खंड स्तरीय ग्रामीण बालक-बालिकाओं की खुली प्रतियोगिता का आयोजन पायका केंद्र कुंदौल पर किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ खंड विकास अधिकारी चकरनगर प्रदीप सक्सेना ने बालिकाओं की दौड़ को हरी झंडी दिखाकर किया।
इस दौरान खंड विकास अधिकारी प्रदीप सक्सेना ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क निवास करता है। खेल, शिक्षा एवं स्वास्थ्य एक दूसरे के पूरक होने के साथ-साथ भाई चारा एवं शांति के प्रतीक भी है। सभी खिलाड़ी खेल भावना से खेलें तथा खेल में द्वेष भावना को न पनपने दें ।
उन्होंने बालिकाओं की 400 मीटर दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रतियोगिता में 1500 मीटर दौड़ में सत्यम गनियाबर ने प्रथम रघुराज सिंह सगरा ने द्वितीय एवं अजय सिंह तेजपुरा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
बालिका वर्ग में 400 मीटर दौड़ में आरती ने प्रथम, सुलेखा व प्रिया चौहान ने द्वितीय व अंशु ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर दौड़ में सुलेखा ने प्रथम, आरती राजपूत ने द्वितीय जबकि अनुराधा यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
लंबीकूद में आरती राजपूत ददरा ने प्रथम, सुलेखा नगलाजोर ने द्वितीय एवं अनुराधा यादव ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। बालक वर्ग में 800 मीटर में रघुराज सिंह सगरा ने प्रथम विकास कुंदौल ने द्वितीय एवं राघवेंद्र रंपुरा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
400 मीटर दौड़ में रघुराज ने प्रथम मोहित ने द्वितीय एवं विकास ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर दौड़ में सुंदरम सिंह कुंदौल ने प्रथम, शिवा गनियाबर ने द्वितीय, अजय तेजपुरा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक मंडल के शिवराम शर्मा, प्रभात, विनय कुमार पटेल एवं अमलेश यादव ने विजयी खिलाड़ियों की सूची जारी की।
क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी चकरनगर हरिश्चंद्र तिवारी ने बताया कि शेष प्रतियोगिताएं वालीबाल, कबड्डी, कुश्ती आदि जवाहर इंटर कॉलेज पायका केंद्र चकरनगर पर बुधवार को सुबह 10 बजे से होगी।