इटावा। नामांकन के अंतिम दिन इटावा सीट से सपा ने पासा पलट दिया। शिवपाल के करीबी इदरीश की पुत्रवधू गुलनाज का टिकट काटकर संटू की पत्नी ज्योति गुप्ता को प्रत्याशी घोषित कर दिया। इससे राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गईं। टिकट कटने के बाद पूर्व सपा प्रत्याशी बागी हो गए और उन्होंने बसपा से बहू गुलनाज का नामांकन करा दिया।
सोमवार को निकाय चुनाव के अंतिम दिन सरगर्मियां तेज रहीं। रविवार रात तक राजनीतिक दलों की बैठकें चलने के बाद सोमवार को उनका असर भी दिखा। भाजपा से सभी प्रत्याशी घोषित होने के बाद अंतिम दिन सपा ने इटावा नगर पालिका से अध्यक्ष पद के प्रत्याशी को पलट दिया।
सपा ने 2012 से 2017 तक चेयरमैन रहे कुलदीप उर्फ संटू गुप्ता की पत्नी ज्योति गुप्ता को टिकट देकर सबको चौंका दिया। संटू सपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव के करीबी हैं। सपा के पासा पलटने के बाद जहां एक ओर भाजपाइयों में खलबली मच गई। वहीं पूर्व प्रत्याशी के बागी होने से सपा के लिए शहर की सीट पर चुनौती हो सकती है। अंतिम दिन भाजपा प्रत्याशी कुसुम दुबे सहित नौ लोगों ने नामांकन कराया। वहीं सभासद के लिए 229 नामांकन हुए।
भरथना में भाजपा, सपा व बसपा प्रत्याशियों ने नामांकन कराया
भरथना/बकेवर। निकाय चुनाव के आखिरी दिन प्रमुख दलों व निर्दलीय प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। भाजपा प्रत्याशी मनीषी गुप्ता ने पर्चा भरा। वहीं सपा प्रत्याशी अजय यादव गुल्लू ने नामांकन दाखिल करके ताल ठोंकी। बसपा प्रत्याशी वर्तिका गुप्ता ने नामांकन करके मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है। नामांकन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त रहे। प्रशासनिक-पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। वहीं बकेवर, लखना नगर पंचायतों से भाजपा सपा व कई निर्दलीय प्रत्याशियों के द्वारा अपने नामांकन कराए गए। बकेवर नगर पंचायत अनारक्षित सीट से भाजपा के घोषित प्रत्याशी डॉ. संजय दीक्षित अपने समर्थकों में साथ आए और अपना नामांकन कराया।
भाजपा नेता पुरुषोत्तम मिश्रा ने बड़ी संख्या में अपने समर्थकों के साथ आकर निर्दलीय रूप से अपना नामांकन कराया गया। सपा से टिकट न मिलने पर व्यापारी नेता गौरव शर्मा शीलू ने अपना नामांकन निर्दलीय रूप में कराया। लखना नगर पंचायत से भाजपा प्रत्याशी ऋषभ शुक्ला ने समर्थकों के साथ सोमवार को अपना नामांकन कराया। भाजपा से टिकट न मिलने पर गणेश पोरवाल ने निर्दलीय रूप से अपना नामांकन कराया। पिछले चुनाव में बसपा से चुनाव लड़े विवेक सिंह राठौर ने इस बार अंतिम दिन निर्दलीय रूप से अपना नामांकन कराया।
भाजपा के जय शिव वाल्मिकी ने कराया नामांकन
जसवंतनगर। नगर पालिका परिषद जसवंतनगर के चुनाव के लिए मॉडर्न तहसील में चल रही नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन अध्यक्ष पद के लिए छह नामांकन पत्र दाखिल किए गए। सपा प्रत्याशी सत्यनारायण पुद्दल ने दूसरा सेट दाखिल कराया। पालिकाध्यक्ष के लिए नौ प्रत्याशी ही मैदान में उतरे हैं। भाजपा प्रत्याशी जय शिव बाल्मिकी, कांग्रेस पार्टी के किशन कुमार जाटव एडवोकेट, निर्दलीय कुसमा देवी, प्रमोद कुमार जाटव निवासी अहीर टोला, अजय कुमार धोबी निवासी फक्कड़पुरा जसवंतनगर शामिल हैं। (संवाद)
शहर में जाम से जूझते रहे लोग
इटावा। नामांकन के दौरान शहर में लोग जाम से जूझते रहे। डीएम चौराहे पर यातायात सिपाहियों की ड्यूटी लगाई गई। इस दौरान सोमवार को सेंटमैरी की छुट्टी होते ही जाम लग गया। पुलिस तैनात न होने से स्थिति बिगड़ गई। इसमें स्कूली बच्चों के वाहन फंस गए। कतार लंबी होने पर डीएम चौराहे पर तैनात पुलिसकर्मियों ने पहुंचकर जाम खुलवाया। (संवाद)