इटावा/बकेवर। नगर पंचायत की तीनों सीटों के लिए मंगलवार शाम सपा ने प्रत्याशी घोषित कर दिए। बकेवर, लखना और इकदिल के प्रत्याशी घोषित होने के बाद बुधवार को नगर पालिकाध्यक्षों के नाम पर भी मोहर लगने की उम्मीद है।
सपा की ओर से मंगलवार को जारी सूची में बकेवर से कस्बे के हाफिज नगर के 48 वर्षीय अरब उल्ला खां उर्फ बल्ले को प्रत्याशी घोषित किया गया है। अरब उल्ला खां व्यवसायिक प्रतिष्ठा वाले व्यक्ति हैं। उनका महाराष्ट्र के नासिक में कारोबार है। बकेवर नगर में तकरीबन ढाई हजार से अधिक मुस्लिम मतदाता हैं। इस कारण सपा ने मुस्लिम यादव गठजोड़ पर एक बार पुन: भरोसा जताते हुए मुस्लिम वर्ग से प्रत्याशी उतारा है।
वहीं लखना नगर पंचायत सामान्य सीट पर सपा ने पिछड़ी जाति के भूतपूर्व चेयरमैन सतीश चंद्र वर्मा को प्रत्याशी बनाया है। सतीश चंद्र वर्मा लखना नगर पंचायत से पूर्व में 2012 में पिछड़ी जाति आरक्षित सीट होने पर भी समाजवादी पार्टी से चेयरमैन रह चुके हैं। समाजसेवी सतीश चंद्र वर्मा व्यवसायी हैं। पिछले परिसीमन में लखना सीट पिछड़ी जाति के लिए आरक्षित होने पर सतीश ने सपा से आवेदन किया था। लखना से उनका अकेला आवेदन था, जबकि अब पुन: परिसीमन में लखना सीट अनारक्षित होने पर सतीश ने सपा से टिकट के लिए आवेदन दिया था। अब सभी को भाजपा की सूची जारी होने का इंतजार हैं। वहीं इटावा, जसवंतनगर और भरथना के अध्यक्षों के नामों की सूची आज जारी हो सकती है।
पिता लड़ चुके निर्दलीय चुनाव, बेटी पर सपा ने लगाया दांव
इकदिल। नगर पंचायत इकदिल के लिए सपा ने प्रवीन कुुमारी (38) को प्रत्याशी घोषित किया है। प्रवीन के पिता 1988 में निर्दलीय चुनाव लड़ चुके हैं। उस समय इन्हें भाजपा का समर्थन था। निर्दलीय यूनिस अंसारी से यह 168 वोटों से आकर दूसरे स्थान पर रहे थे। राजनीति से दूरी बनाए रखने वाली प्रवीन वकील हैं। उन्होंने करीब सात साल तक इलाहाबाद हाईकोर्ट में प्रैक्टिस की है। पिछले कुछ माह से वह अपने घर पर ही हैं। प्रवीन ने बताया कि वह एक साधारण परिवार से हैं। पार्टी ने जो भरोसा जताया है उस पर खरी उतरने का प्रयास किया जाएगा। (संवाद)